गुरुवार, 30 दिसंबर 2010

सृष्टि महाकाव्य..तृतीय सर्ग...डा श्याम गुप्त....

सृष्टि महाकाव्य-(ईशत इच्छा या बिगबेंग--एक अनुत्तरित उत्तर --डा श्याम गुप्त



सृष्टि - अगीत महाकाव्य--

(यह महाकाव्य अगीत विधामें आधुनिक विज्ञान ,दर्शन व वैदिकविज्ञान के समन्वयात्मक विषय परसर्वप्रथम रचित महाकाव्य है , इसमेंसृष्टि की उत्पत्ति, ब्रह्माण्ड व जीवन वमानव की उत्पत्ति के गूढ़तम विषयको सरल भाषा में व्याख्यायित कियागया है ....एवं अगीत विधा के लयबद्धषटपदी छंद में
निवद्धकिया गया है जो एकादश सर्गों में वर्णित है).... ...... रचयिता --डा श्याम गुप्त ...

तृतीय सर्ग-सद- नासद खंड
( प्रस्तुत सर्ग में ईश्वर या पूर्ण ब्रह्म के व्यक्त ( सद ) व अव्यक्त ( नासद ) कि;
वह है भी - और नहीं भी है- के रूप की वैदिक विज्ञान के अनुसार व्याख्या की गयी है तथा -प्रलय-सृष्टि-प्रलय- के क्रमिक चक्र व उसके कारण,( मूलतः मानव के अपकर्म -प्रदूषण -अनाचारी कृत्य आदि...) व क्रिया का संक्षिप्त रूप से वर्णन किया गया है..)
१-
उस पूर्ण-ब्रह्म, उस पूर्ण-काम से,
पूर्ण जगत होता विकसित।
उस पूर्ण-ब्रह्म का कौन भाग,
जग संरचना में व्याप्त हुआ?
क्या शेष बचा जाने नकोई,
वह शेष भी सदा पूर्ण रहता है॥
२-
वह नित्य प्रकृति, और जीवात्मा,
उस सद-नासद में निहित रहें ।
हो सृष्टि-भाव , तब सद होते,
और लय में हों लीन उसी में।
यह चक्र, सृष्टि1 -लय2 नियमित है ,
इच्छानुसार उस पर-ब्रह्म के॥
३-
इच्छा करता है जब लय की,
वे देव, प्रकृति, गुण, रूप सभी,
लय होजाते अपः-तत्व3 में ;
पूर्ण सिन्धु उस महाकाश4 में।
लय होता जो पूर्ण -ब्रह्म में ,
फिर भी ब्रह्म पूर्ण रहता है॥
४-
दृष्टा जब इच्छा करता है,
बघुत हो चुका जगत पसारा।
मानव की अति सुख-अभिलाषा ,
से है त्रस्त देवगण सारा ।
अपः तत्व में अप मिश्रण5 से ,
मानव जीवन त्रस्त होरहा॥
५-
नए तत्व नित मनुज बनाता,
जीवन कठिन प्रकृति दोहन से।
अंतरिक्ष, आकाश , प्रकृति में,
तत्व, भावना, अहं6 व ऊर्जा;
के नवीन नित असत कर्म से,
भार धरा पर बढ़ता जाता॥
६-
सत्कर्म रूप मेरी भाषा जो,
न्याय, सांख्य, वेदान्त7 बताता;
भूला अहंकार वश, रज और,
पंचभूत तम, ही अपनाता।
भूल गया सत, महत्तत्व को,
यद्यपि आत्म-तत्व मेरा ही॥
७-
अपना अंतस नहीं खोजता ,
मुझे ढूँढता कहाँ कहाँ वह;
क्या-क्या, कर्म-अकर्म कर रहा।
नष्ट कर रहा मूल दृव्य को;
पाना चाहे काल और गति,
हिरण्यगर्भ8 को या फिर मुझको ?
८-
शायद अब है रात्रि आगई ,
पूर्ण होगया सृष्टि-काल भी।
काल औ गति स्थिर होजाएं ,
कार्य सभी, लय हों कारण में ।
सत तम रज 9 हों साम्य अक्रिय-अप: ,
मैं अब पुनः एक होजाऊँ ॥
९-
निमिष मात्र में उस इच्छा के ,
सब, चेतन जग जीव चराचर ,
देव रूप रस शब्द प्रकृति विधि ;
ऊर्जा वायु जल महत्तत्व मन,
लय होजाते मूल-दृव्य में ,
महा -विष्णु के नाभि-केंद्र में॥
१०-
काल औ गति स्थिर होजाते ,
मूल द्रव्य हो सघन रूप में से;
बन जाता है पिंड रूप में।
सकल विश्व-ब्रह्माण्ड रूप धर,
जल आकाश पृथ्वी को धारे ,
महाकाल रूपी अर्णव10 में॥
११-
वे प्रथम अजायत11 अग्नि-देव,
अपनी विकराल सी दाढों में;
ब्रह्माण्ड पिंड को खा जाते,
फिर लय होते अपःतत्व में।
महाकाश में, महाकाल में ,
जो लय होता हिरण्यगर्भ में॥
१२-
वह हिरण्यगर्भ जो अर्णव में ,
था दीप्तिमान सत-व्यक्त ब्रह्म;
लय होजाता अक्रिय,अप्रकाशित,
परम तत्व में; और एक ही,
रह जाता है , शांत-तमावृत ,
पूर्ण-ब्रह्म, जो सद-नासद है॥

( कुंजिका---१ =श्रृष्टि रचना , २=श्रृष्टि नाश, विघटन, प्रलय , ३=मूल द्रव्य, आदि-पदार्थ , ४= अनंत अंतरिक्ष ,मनो आकाश, घटाकाश ;५=प्रदूषण -मनसा वाचा कर्मणा ; ६=मन व वृत्तियों वाला मूल भाव तत्व; ७=भारतीय षड-दर्शन के अंग ;८= सद, सक्रिय, व्यक्त चेतन ब्रह्म (ईश्वर); ९= मूल पदार्थ-प्रकृति के तीन गुण ;१०=अंतरिक्ष, क्षीर सागर ' ११=अजन्मा , नित्य )










सृष्टि महाकाव्य--द्वितीय सर्ग...डा श्याम गुप्त.......



(यह महाकाव्य अगीत विधा में आधुनिक विज्ञान ,दर्शन व वैदिक विज्ञान के समन्वयात्मक विषय पर सर्वप्रथम रचित महाकाव्य है , इसमें सृष्टि की उत्पत्ति, ब्रह्माण्ड व जीवन व मानव की उत्पत्ति के गूढ़तम विषय को सरल भाषा में व्याख्यायित किया गया है ....एवं अगीत विधा के लयबद्ध षटपदी छंद में निवद्ध किया गया है जो एकादश सर्गों में वर्णित है).... रचयिता --डा श्याम गुप्त ....

सृष्टि महाकाव्य- द्वितीय सर्ग-उपसर्ग -( प्रस्तुत सर्ग में आज की स्वार्थपरकता सेउत्पन्न अभिचार, द्वंद्व,अशांति क्यों है व मानव ने ईश्वर को क्यों भुलादिया है एवं उसके क्या परिणाम हो रहे हैं और सृष्टि जैसे दार्शनिक विषयको कोई क्यों जाने-पढ़े इस पर विवेचन किया गया है । )

उपसर्ग
१.
नर ने भुला दिया प्रभु नर से,
ममता
बंधन नेह समर्पण;
मानव का दुश्मन बन बैठा ,
अनियंत्रित वह अति-अभियंत्रण।
अति सुख अभिलाषा हित जिसको,
स्वयं उसी ने किया सृजन था।।
२.
निजी स्वार्थ के कारण मानव,
अति दोहन कर रहा प्रकृति का;
प्रतिदिन एक ही स्वर्ण अंड से,
उसका लालच नहीं सिमटता;
चीर कलेजा, स्वर्ण खजाना,
पाना चाहे एक साथ ही।।
३.
सर्वश्रेष्ठ है कौन?, व्यर्थ ,
इस द्वंद्व भाव में मानव उलझा;
भूल गया है मानव ख़ुद ही ,
सर्वश्रेष्ठ कृति है, ईश्वर की ।
सर्वश्रेष्ठ, क्यों कोई भी हो ,
श्रेष्ठ क्यों न हों,भला सभी जन।।
४.
पहले सभी श्रेष्ठ बन जाएँ,
आपस के सब द्वंद्व मिटाकर;
द्वेष,ईर्ष्या, स्वार्थ भूलकर,
सबसे समता भाव निभाएं;
मन में भाव रमें जब उत्तम,
प्रेम भाव का हो विकास तब।।
५.
जन संख्या के अभिवर्धन से,
अनियंत्रित यांत्रिकी करण से;
बोझिल बोझिल मानव जीवन।
भार धरा पर बढ़ता जाता,
समय-सुनामी की चेतावनि,
समझ न पाये,प्रलय सुनिश्चित।
६.
जग की इस अशांति क्रंदन का,
लालच लोभ मोह बंधन का;
भ्रष्ट- पतित सत्ता गठबंधन,
यह सब क्यों? इस यक्ष प्रश्न(१) का,
एक यही उत्तर, सीधा सा,
भूल गया नर आज स्वयं को।।
७.
क्यों मानव ने भुला दिया है,
वह ईश्वर का स्वयं अंश है;
मुझमें तुझमें शत्रु मित्र में;
ब्रह्म समाया कण-कण में वह|
और स्वयं भी वही ब्रह्म है,
फ़िर क्या अपना और पराया।।
८.
सोच हुई है सीमित उसकी,
सोच पारहा सिर्फ़ स्वयं तक;
त्याग, प्रेम उपकार-भावना,
परदुख,परहित,उच्चभाव सब ;
हुए तिरोहित,सीमित है वह,
रोटी कपडा औ मकान तक।।
९.
कारण-कार्य,ब्रह्म औ माया(२)
सद-नासद(3) पर साया किसका?
दर्शन और संसार प्रकृति के ,
भाव नहीं अब उठते मन में;
अन्धकार- अज्ञान- में डूबा,
भूल गया मानव ईश्वर को।।
१०.
सभी समझलें यही तथ्य यदि,
हम एक बृक्ष के ही फल हैं;
वह एक आत्म-सत्ता, सबके,
उत्थान-पतन का कारण है;
जिसका भी बुरा करें चाहें,
वह लौट हमीं को मिलना है।।
११.
हम कौन?,कहाँ से आए है?
और कहाँ चले जाते हैं सब?
यह जगत-पसारा कैसे,क्यों?
और कौन? समेटे जाता है।
निज को,जग को यदि जानेंगे,
तब मानेंगे, समता भाव ।।
१२.
तब नर,नर से करे समन्वय ,
आपस के भावों का अन्वय;
विश्व-बंधुत्व की अज़स्र धारा;
प्रभु शीतल करदे सारा जग,
सारा हो व्यापार सत्य का,
सुंदर, शिव हो सब संसार ॥

-----
{ (१)=ज्वलंत समस्या का प्रश्न ; (२)=वेदान्त दर्शन का द्वैत वाद -ब्रह्म व माया, दो सृजक-संचालक शक्तियां हैं; (३)=ईश्वर व प्रकृति -हैं भी और नहीं भी ( नासदीय सूक्त -ऋग्वेद )


अगीत महाकाव्य ---सृष्टि --बिगबेंग या ईषत - इच्छा -एक अनुत्तरित उत्तर.....



(यह महाकाव्य अगीत विधा में आधुनिक विज्ञान ,दर्शन व वैदिक विज्ञान के समन्वयात्मक विषय पर सर्वप्रथम रचित महाकाव्य है , इसमें सृष्टि की उत्पत्ति, ब्रह्माण्ड व जीवन व मानव की उत्पत्ति के गूढ़तम विषय को सरल भाषा में व्याख्यायित किया गया है ....एवं अगीत विधा के लयबद्ध षटपदी छंद में निवद्ध किया गया है जो एकादश सर्गों में वर्णित है).... रचयिता --डा श्याम गुप्त ....



प्रथम-सर्ग --वन्दना

१-गणेश -
गण-नायक गज बदन विनायक ,
मोदक प्रिय,प्रिय ऋद्धि-सिद्धि के ;
भरें लेखनी में गति,गणपति ,
गुण गाऊँ इस 'सृष्टि',सृष्टि के।
कृपा 'श्याम, पर करें उमासुत ,
करूँ वन्दना पुष्पार्पण कर।।

२-सरस्वती --
वीणा के जिन ज्ञान स्वरों से,
माँ! ब्रह्मा को हुआ स्मरण'१' |
वही ज्ञान स्वर, हे माँ वाणी !
ह्रदय तंत्र में झंकृत करदो |
सृष्टि ज्ञान स्वर मिले श्याम को,
करू वन्दना पुष्पार्पण कर॥

३-शास्त्र -
हम कौन, कहाँ से आए हैं ?
यह जगत पसारा किसका,क्यों ?
है शाश्वत यक्ष-प्रश्न,मानव का।
देते हैं, जो वेद-उपनिषद् ,
समुचित उत्तर ,श्याम उन्ही की,
करूँ वन्दना पुष्पार्पण कर॥

४-ईश्वर-सत्ता --
स्थिति,सृष्टि व लय का जग के,
कारण-मूल जो वह परात्पर;
सद-नासद में अटल-अवस्थित ,
चिदाकास में बैठा -बैठा ,
संकेतों से करे व्यवस्था,
करूँ वन्दना पुष्पार्पण कर ॥

५-ईषत-इच्छा --'२'
उस अनादि की ईषत-इच्छा
महाकाश के भाव अनाहत,
में, जब द्वंद्व-भाव भरती है ;
सृष्टि-भाव तब विकसित होता-
आदिकणों में, उस इच्छा की,
करूँ वन्दना पुष्पार्पण कर॥

६- अपरा-माया
कार्यकारी भाव-शक्ति है,
उस परात्पर ब्रह्म की जो;
कार्य-मूल कारण है जग की,
माया है उस निर्विकार की;
अपरा'३' दें वर,श्याम,सृष्टि को,
करूँ वन्दना पुष्पार्पण कर॥

७.चिदाकाश --
सुन्न-भवन'४' में अनहद बाजे ,
सकल जगत का साहिब बसता;
स्थिति,लय और सृष्टि साक्षी,
अंतर्मन में सदा उपस्थित,
चिदाकाश की, जो अनंत है;
करूँ वन्दना पुष्पार्पण कर॥

८-विष्णु --
हे! उस अनादि के व्यक्त भाव,
हे! बीज रूप हेमांड'५' अवस्थित ;
जग पालक,धारक,महाविष्णु,
कमल-नाल ब्रह्मा को धारे ;
'श्याम-सृष्टि' को, श्रृष्टि धरा दें,
करूँ वन्दना पुष्पार्पण कर॥

९-शंभु-महेश्वर --
आदि-शंभु-अपरा संयोग से,
महत-तत्व'६'जब हुआ उपस्थित,
व्यक्त रूप जो उस निसंग का।
लिंग रूप बन तुम्ही महेश्वर !
करते मैथुनि-सृष्टि अनूप;
करूँ वन्दना पुष्पार्पण कर॥

१०-ब्रह्मा --
कमल नाल पर प्रकट हुए जब,
रचने को सारा ब्रह्माण्ड;
वाणी की स्फुरणा'७' पाकर,
बने रचयिता सब जग रचकर ।
दिशा-बोध मिल जाय'श्याम,को;
करूँ वन्दना पुष्पार्पण कर॥

११-दुष्ट जन-वंदना ...
लोभ-मोह वश बन खलनायक,
समय-समय पर निज करनी से;
जो कर देते व्यथित धरा को ।
श्याम, धरा को मिलता प्रभु का,
कृपाभाव, धरते अवतार;
करूँ वन्दना पुष्पार्पण कर॥

( १=सृष्टि ज्ञान का स्मरण ,२=सृष्टि-सृजन की ईश्वरीय इच्छा, ३= आदि-मूल शक्ति , ४=शून्य,अनंत-अन्तरिक्ष ,क्षीर सागर, मन ; ५=स्वर्ण अंड के रूप में ब्रह्माण्ड; ६=मूल क्रियाशील व्यक्त तत्व ; ७=ज्ञान का पुनः स्मरण )

----------------क्रमशः

शनिवार, 18 दिसंबर 2010

हल्दी, कढ़ी, फोटोथीरेपी,..विज्ञान और अंधविश्वास ...डा श्याम गुप्त....


हल्दी, कढ़ी, फोटोथीरेपी,..विज्ञान और अंधविश्वास ...डा श्याम गुप्त

<------ नीले प्रकाश से पीलिया का इलाज़...फोटोथीरेपी यूनिट... हल्दी , ,कढी, फोटोथीरेपी --विज्ञान व अंधविश्वास..... इन में आपस में क्या सम्बन्ध हो सकता है ! वस्तुतः यह पोस्ट लिखने का मुझे अचानक ही विचार आया क्योंकि मैंने अनुभव किया कि--
१- जब भी कोई जन- समस्या व आन्दोलन की बात चलती है तो हर व्यक्ति समाज का ठेकेदार बन कर उसे भुनाने लगता है बिना उसके दूरगामी निहितार्थ व प्रभाव जाने , चाहे बात नारी आन्दोलन की हो, या एन जी ओ या भारतीय ज्ञान , धर्म , शास्त्रों की बातों की , प्रथाओं की, अंधविश्वासों की हो , चाहे वह उसका ज्ञान व उचित विषय भाव रखता हो या नहीं ।
२- आजकल वैसे भी भारतीयता, शास्त्र , धर्म की बातें तुरंत अंधविश्वास के दायरे में आजाती हैं , खासकर हिन्दू धर्म ,शास्त्र, पुराण , दादी नानी के नुस्खे , पुरा ज्ञान की बातें आदि...(अब राहुल गांधी की हिन्दू-कट्टरता के वक्तव्य पर कुछ नहीं कहूंगा क्योंकि यह राजनैतिक आलेख नहीं है। )
३-पिछले काफी समय से विज्ञान के प्रसार व तथाकथित अंधविश्वास के उन्मूलन हेतु साहित्य, समाचार-पत्र, संस्थाएं, स्वयंभू ब्लोग्स आदि मेरे संज्ञान में आते रहे हैं जो मूलतः हिन्दू आस्थाओं व विश्वासों के अंधविश्वास की बातें होती हैं, पाश्चात्य प्रभाव के अनुकूलन सहित ।
वास्तव में पाश्चात्य विचार धारा --प्रत्येक नवीन वस्तु- विचार -तथ्य को तीब्रता से अपना लेने व उसी शीघ्रता से छोड़ देने की है जो आकर्षण की प्रमुखता व अनुभव की अप्रमुखता के कारण है....जबकि पौर्वात्य भारतीय विचार धारा प्रत्येक नवीन को लम्बे समय तक देख- परखकर , अनुभव सिद्ध करके स्वीकार करने की है
और उसी प्रक्रिया से तुरंत की अपेक्षा लम्बे समय बाद छोड़ने की भी है इस विचार धारा का प्रभाव जीवन के प्रत्येक क्षेत्र पर दिखाई पड़ता है और इस मूल अंतर में सदियों व युगों में भी ताल-मेल नहीं होता हाँ कुछ पाश्चात्य प्रभावित लोग अवश्य प्रभावित दिखाई पड़ते हैं और सभी भारतीय -बातों को दकियानूसी समझ कर उस पर नाराजी प्रकट करते दिखते हैं | इसीलिये किसी प्रसिद्द विचारक ने ही कहा है --"ईस्ट इज़ ईस्ट , वेस्ट इज़ वेस्ट नेवर द ट्विन शेल मीट"...अब हम एक अंधविश्वास के बारे में बात रखेंगे....
-----अब ---हल्दी , कढी, फोटोथीरेपी --विज्ञान व अंधविश्वास..... इन में आपस में क्या सम्बन्ध हो सकता है ? यह एक अंधविश्वास माना जाता है कि पीलिया ( जांडिस )के रोगी को पुरातन-पंथी या दादी केनुस्खे के हिसाब से पीली बस्तुएं( हल्दी की, बेसन की व अन्य पीले रंग की खाद्य व कपडे आदि का प्रयोग ) खाने / पहनने को मना किया जाता है । मैं स्वयं आधुनिक प्रभाव वश फिर विज्ञानका क्षात्र , फिर चिकित्सा विग्यान का क्षात्र , फिर चिकित्सक होने तक इसे पीलिया व पीली वस्तु के खाने में आपस में कोई सम्बन्ध नहीं
समझता रहा हूँ। यद्यपि इस प्रकार के तथ्य को जो लोग सदियों से मान रहे हैं सदैव मेरी उत्कंठा व मनन का विषय रहे । इसीके साथ विज्ञानं के आधुनिक आविष्कार पीलिया रोग के इलाज़ में सूर्य का प्रकाश व फोटोथीरेपी का खूब प्रयोग भी करता रहा व होते हुए जानता रहा हूँ , परन्तु दोनों बातों को कभी एक करके नहीं देख पाया ।
अभी हाल में ही एक नवजात शिशु को फोटोथीरेपी के दौरान नीले प्रकाश को देखकर अचानक ही जब मैंने दोनों बातों को सम्मिलित किया देखा। पीलिया में बिलीरूबिन के पीले रंग के कणों को रक्त में से निकालने में नीले रंग का प्रकाश ही सबसे अधिक प्रभाव कारी क्यों है। ( यह आधुनिक चिकित्सकीय सिद्ध खोज है और फोटोथीरेपी का मूल सिद्धांत )। .....तो स्वतः ही पुरातन बात -पीलिया में पीली वस्तु खाने के परहेज़ का कारण समझ में आने लगा ।
अवश्य ही यह रंग -विज्ञान के गहन व गूढ़ वैज्ञानिक तथ्य हैं जो अभी आधुनिक चिकित्सा विज्ञान नहीं जान सका है। पीले रंग का खाद्य-पदार्थ अवश्य ही मोलेक्यूलर चिकित्सा विज्ञान का उन्नत ज्ञान है जो आयुर्वेद केअनुभव ज्ञान द्वारा भारतीय मानस में पैठ कर गया , जिसका कोई कारण आदि उन्हें ज्ञात नहीं । नीला रंग अवश्य ही पीले रंग का विरोधी होने के कारण रक्त से पीले कण हटाता है और पीले खाद्य पदार्थ उसे बढाते होंगे। प्राकृतिक चिकित्सा का एक भाग--रंग चिकित्सा -जिसमें विभिन्न रंग के कांच की बोतलों में सूर्य के जल से चिकित्सा की जाती है उसका भी शायद यही आधार है ।
अतः यह वास्तव में हमें हर पुरातन तथ्य को अंधविश्वास की भांति-अंधविश्वास नहीं कह देना चाहिएअपितु उन्हें जानकर, व्याख्या व अनुभव द्वारा परख कर उसे आधुनिक तथ्यों से तादाम्य द्वारा समझना चाहिए ।


सोमवार, 6 दिसंबर 2010

पुरा समाज ---डा श्याम गुप्त.....

----मैं यह नहीं कहूंगा कि हमारे पुरखों ने भी वायुयान बना लिए थे , वे भी चन्द्रमा आदि ऊपर के लोकों को जाचुके थे । आज के नवीन अस्त्र -शस्त्र भी उनके समय में थे । परन्तु पुष्पक विमान में उड़ने की ,अग्नि बाण संधान की व स्वर्ग की कल्पना कर सकने वाला समाज -मानव निश्चय ही खाली पेट, भूखा व भूख की समस्या से ग्रसित नहीं होगा। निश्चय ही वह रोटी, कपड़ा व मकान की समस्या को हल कर चुका होगा।

लोकप्रिय पोस्ट

फ़ॉलोअर

ब्लॉग आर्काइव

विग्यान ,दर्शन व धर्म के अन्तर्सम्बन्ध

मेरी फ़ोटो
लखनऊ, उत्तर प्रदेश, India
--एक चिकित्सक, शल्य-विशेषज्ञ जिसे धर्म, दर्शन, आस्था व सान्सारिक व्यवहारिक जीवन मूल्यों व मानवता को आधुनिक विज्ञान से तादाम्य करने में रुचि व आस्था है।