इलेक्ट्रोन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
इलेक्ट्रोन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 22 जनवरी 2011

सृष्टि महाकाव्य ---सप्तम सर्ग ...डा श्याम गुप्त....


सृष्टि महाकाव्य ---सप्तम सर्ग --ब्रह्मा प्रादुर्भाव एवं स्मरण खंड ......

सृष्टि महाकाव्य ---सप्तम सर्ग --ब्रह्मा प्रादुर्भाव एवं स्मरण खंड ......


सृष्टि महाकाव्य-(ईषत- इच्छा या बिगबेंग--एक अनुत्तरित उत्तर )-- -------वस्तुत सृष्टि हर पल, हर कण कण में होती रहती है,यह एक सतत प्रक्रिया है , जो ब्रह्म संकल्प-(ज्ञान--ब्रह्मा को ब्रह्म द्वारा ज्ञान) ,ब्रह्म इच्छा-(एकोहं बहुस्याम ... इच्छा) व सृष्टि (क्रिया- ब्रह्मा रचयिता ) की क्रमिक प्रक्रिया है --किसी भी पल प्रत्येक कण कण में चलती रहती है, जिससे स्रिष्टि व प्रत्येक पदार्थ की उत्पत्ति होती है । प्रत्येक पदार्थ नाश(लय-प्रलय- शिव ) की और प्रतिपल उन्मुख है।
(यह महाकाव्य अगीत विधामें आधुनिक विज्ञान ,दर्शन व वैदिक-विज्ञान के समन्वयात्मक विषय पर सर्वप्रथम रचितमहाकाव्य है , इसमें -सृष्टि की उत्पत्ति, ब्रह्माण्ड व जीवन और मानव की उत्पत्ति के गूढ़तम विषयको सरल भाषा मेंव्याख्यायित कियागया है | इस .महाकाव्य को हिन्दी साहित्य की अतुकांत कविता की 'अगीत-विधा' के छंद - 'लयबद्धषटपदी अगीत छंद' -में
निवद्ध किया गया है जो एकादश सर्गों में वर्णित है).... ...... रचयिता --डा श्याम गुप्त ...

पिछले सर्ग में मूल तत्व पंचौदन अजः से मूल अंड , ब्रह्मांड (असंख्य ब्रह्मांडों) के बनने की प्रक्रिया का वर्णन किया गया था| प्रस्तुत सप्तम सर्ग में -- उस अंड से आगे सृष्टि कैसे होगी यह ज्ञान कैसे प्राप्त हुआ एवं उस ज्ञान प्राप्ति तक सृष्टि -रचाने की प्रक्रिया क्यों व कैसे, कबतक बंद रही , फिर कैसे प्रारम्भ हुई इस पर वैदिक व आधुनिक मत की व्याख्या प्रस्तुत की जारही है-----कुल ११ छंद ...
१-
रहा साल भर१ अंड में, ब्रह्मा,
ऊपर नीचे आदि मध्य में ;
बिखरे तत्व मिला,रचने के-
सृष्टि,यत्न थे सारे निष्फल |
आदि-शक्ति की सु प्रेरणा से,
तपः किया,प्रार्थना विष्णु की ||
२-
महाउदधि, जलरूप अयन२ में,
सृष्टि की इच्छा में रत जो;
विष्णु नाम से रहा शयन रत,
शेष ब्रह्म३ पर वह नारायण |
नाभि-केंद्र से नारायण के,
स्वर्ण-नाल पर खिला जलज-दल||
३-
ब्रह्मा, धर कर रूप चतुर्मुख४ ,
काल-स्वरुप उस महा विष्णु का;
स्वर्ण कमल पर हुआ अवतरित |
और तभी से ब्रह्मा का दिन,
हुआ प्रभावी और समय की,
नियमन-गणना हुई तभी से ||
४-
आदि रचयिता, काल नियंता,
सृजन हेतु उस स्वर्ण-नाल पर;
रहा घूमता, ऊपर-नीचे -
कई युगों तक५ , यही सोचता;
कैसे रचूँ सृष्टि यह सारी,
नहीं स्मरण था कुछ भी तो ||
५-
नव विज्ञान है यह समझाता,
हाइड्रोजन-हीलियम बनने की;
प्रक्रिया के बाद, सृष्टि-क्रम ,
स्थिर रहा था कई युगों६ तक |
और युगों के बाद ही पुनः ,
सृष्टि-सृजन प्रारम्भ हुआ था ||
६-
यह ब्रह्माण्ड बस फ़ैल रहा था,
और पुनः जब शीतल७ होकर ;
इलेक्ट्रोन एवं केन्द्रक के,
मध्य हुआ क्षीण प्रतिकर्षण |
आपस में जुड़कर फिर ये कण ,
रचने लगे विविध कण-प्रतिकण||
७-
वैदिक दर्शन यह कहता है,
ब्रह्मा को विस्मृत था सब कुछ |
तप, प्रभु-इच्छा,आद्य-शक्ति के,
कृपा-भाव से ही ब्रह्मा को;
हुआ स्मरण ,पुरा सृष्टि-क्रम;८
सृष्टि पुनः आरम्भ हुई तब ||
८-
तप, आराधना-महा-विष्णु की,
ब्रह्मा ने की, आर्त भाव से |
वह प्रसविनी-शक्ति९विष्णु की-
सरस्वती, वीणा-ध्वनि करती,
प्रकट हुई, स्वर-स्फुरणा१० से,
सृष्टि-ज्ञान ब्रहमा ने पाया ||
९-
प्रभ-इच्छा, माँ की स्फुरणा,
और शब्द के ज्ञान के बिना;
भला एक कण भर भी जग में,
ज्ञान किसे और कब होता है|
बिना ज्ञान ब्रह्मा भी कैसे,
कहाँ एक कण भी रच सकता ||
१०-
स्तुति,अर्चन और वन्दना ,
माँ वाणी की,की ब्रह्मा ने |
आदि वेद-माँ , गायत्री का-
धरकर रूप, सरस्वती माता-
समा गईं वे ज्ञान रूप में,
ब्रह्मा के मुख रूप ,ह्रदय में ||
११-
वाणी के उन ज्ञान स्वरों से,
विद्या रासायनिक संयोग की;
बिखरे कण नियमित करने की;
सृष्टि-सृजन की पुरा प्रक्रिया११
का स्मरण हुआ ब्रह्मा को,
रचने लगे सृष्टि हर्षित मन || --------क्रमश:--आगे -अष्ठम सर्ग......


{कुंजिका--- १=ब्रह्मा एक वर्ष ( ब्रह्मा का --युगों मानव वर्ष तक - अंड के परि-पक्व होने का समय ) अंड में घूमता रहा और अपना उत्पत्ति का अभिप्रायः नहीं पता था |; २= नार -जल, अयन-निवास---जल (अंतरिक्ष ) में स्थित नारायण विष्णु ; ३= सृष्टि के मूल अंड रचना के पश्चात शेष ऊर्जा , जिसे शेषनाग , शेष-ब्रह्म कहा गया है जो नारायण के साथ सदैव उपस्थित है ; ४= चार-मुखों( चतुर्दिक ज्ञान सहित ) वाला ब्रह्मा का सृष्टा रूप में आविर्भाव ; ५ व ६ = ब्रह्मा को युगों तक अपने अन्दर स्थित सृष्टि ज्ञान का स्मरण नहीं होरहा था अतः सृष्टि-रचना प्रक्रिया युगों तक रुकी रही--- आधुनिक विज्ञान के अनुसार एनीहिलेशन अवस्था के पश्चात ( बिगबेंग के प्रथम तीन मिनट पश्चात) अति-प्रवल ताप पर हीलियम-हाइड्रोजन बनकर सारे इलेक्ट्रोंस समाप्त होगये थे अतः परमाणु व परमाणु-पूर्व कणों के न्यूक्लियस से परमाणु नहीं बन पारहे थे अतः युगों तक सृष्टि प्रक्रिया रुकी रही थी |; ७=आधुनिक विज्ञान के अनुसार युगों बाद अति-शीतल ताप होने पर नवीन इलेक्ट्रोंस बनना प्रारम्भ हुआ वे केन्द्रक (प्रोटोन+न्यूत्रों ) के चारों और घूमने लगे व पदार्थ बनने की प्रक्रिया पुनः प्रारम्भ हुई |; ८ व ११ =प्रत्येक कल्प में महाप्रलय के बाद पुनः पुनः सृष्टि -सृजन की क्रमिक प्रक्रिया ; ९=आदि-ब्रह्म , विष्णु के आदि कार्यकारी शक्ति , योगमाया, मूल ऊर्जा का उत्प्रेरक रूप ; १०= आदि-नादस्वर-आदि-वाणी-वीणा स्वर द्वारा सृष्टि ज्ञान का पुनः स्मरण तत्पश्चात ब्रह्मा सृष्टि सृजन कर्म में रत हुए }




गुरुवार, 30 दिसंबर 2010

सृष्टि महाकाव्य..पंचम सर्ग..भाग एक..

सृष्टि महाकाव्य--पंचम सर्ग --डा श्याम गुप्त ..

सृष्टि महाकाव्य-(ईषत- इच्छा या बिगबेंग--एक अनुत्तरित उत्तर )-- -------वस्तुत सृष्टि हर पल, हर कण कण में होती रहती है, एक सतत क्रिया है , जो ब्रह्म संकल्प-(ज्ञान-ब्रह्मा को ब्रह्म द्वारा ज्ञान) ,ब्रह्म इच्छा-एकोहं...( इच्छा) व सृष्टि (क्रिया- ब्रह्मा रचयिता ) की क्रमिक प्रक्रिया है --किसी भी पल प्रत्येक कण कण में चलती रहती है, जिससे स्रिष्टि व प्रत्येक पदार्थ की उत्पत्ति होती है । प्रत्येक पदार्थ नाश(लय-प्रलय- शिव) की और प्रतिपल उन्मुख है।
(यह महाकाव्य अगीत विधामें आधुनिक विज्ञान ,दर्शन व वैदिक-विज्ञान के समन्वयात्मक विषय पर सर्वप्रथम रचित महाकाव्य है , इसमें -सृष्टि की उत्पत्ति, ब्रह्माण्ड व जीवन और मानव की उत्पत्ति के गूढ़तम विषयको सरल भाषा में व्याख्यायित कियागया है | इस .महाकाव्य को हिन्दी साहित्य की अतुकांत कविता की 'अगीत-विधा' के छंद - 'लयबद्ध षटपदी अगीत छंद' -में
निवद्ध किया गया है जो एकादश सर्गों में वर्णित है).... ...... रचयिता --डा श्याम गुप्त ...

सृष्टि - अगीत महाकाव्य--पन्चम सर्ग--अशान्ति खन्ड..कुल ३७ छंद --.इस सबसे क्लिष्ट व जटिल सर्ग में साम्य अंतरिक्ष में ॐ की प्रतिध्वनिसे जो हलचल हुई उससे व्यक्त मूल तत्व के कणों में गति से किस तरह से मूल ऊर्जा व अन्य ऊर्जाओं की व अन्य कण-प्रतिकण , फिर विभिन्न पदार्थ , भाव तत्व, शक्तियां , समय , अंतरिक्ष के पिंड आदि की उत्पत्ति हुई , इसका भौतिक, रासायनिक, आणुविक जटिल व जटिलतम प्रक्रियाओं का वर्णन का वैदिक व्याख्या व आधुनिक विज्ञान से तादाम्यीकरण किया गया है ।
---यहाँ हम इसके प्रथम भाग छंद १ से १३ तक....का वर्णन . करेंगे कि किस तरह से मूल आदि ऊर्जा, मूल कण, न्यूक्लियर ऊर्जा, सौर ऊर्जा,, परमाणु संरचना ,धनात्मक, ऋणात्मक आवेशित कणों का संयोग , प्रतिकण , जैविक-अजैविक पदार्थ,प्रकाश आदि के विभिन्न पूर्व परमाणु कण आदि बने ....
१-
परम व्योम की इस अशांति१ से ,
द्वंद्व भाव कण कण में उभरा।
हलचल से गति मिली कणों को,
अपः तत्व में साम्य जगत के।
गति से आहतनाद, फिर बने,
शब्द, वायु ,ऊर्जा ,जल और मन॥
२-
जुः रूपी उस महाकाश में,
यतः रूप गतिशील कणों का;
सूक्ष्म भाव जो मूल अदिति२ का
वायु नाम से प्रवाहमान था।
इन तीनों के मध्य परस्पर,
विद्युत् विभव, अग्नि कहलाया॥
३-
वे प्रथम अजायत अग्नि देव,
गतिमान कणों के संघर्षण से;
ऊर्जा रूप में हुए अवतरित,
शक्ति रूप जो रहते हैं, प्रकृति -
देव ,जड़-जंगम के कण-कण में;
नाभि-रूप हैं सृष्टि-यज्ञ३ के॥
४-
क्रियाशील वे सूक्ष्म आदि कण ,
नाम अंगिरा, अग्निपुत्र थे।
इंद्र नाम संगठक शक्ति से,
रासायनिक संयोग रूप का ,
चेतन अग्नि की उपस्थिति में
किया यज्ञ, परमाणु कण बने॥
५-
परमाणु कणों स्थित ऊर्जा४ में,
भाव नहीं था सतत-सृजन का।
नाभानेदिष्ट ऋषि नाम रूप से,
ज्ञान नाभि-ऊर्जा५ का पाया।
सतत सृजन का भाव लिए तब,
मिला अज़स्र स्रोत ऊर्जा का।
६-
सतत संयोजन और विखंडन,
रूप नाभिकीय ऊर्जा का जो ;
अंतरिक्ष में सौर-शक्ति बन,
नाम अदिति से दिति६ का पाया।
प्रकट रूप है जो पदार्थ की,
पूर्ण कार्य-रूपी ऊर्ज़ा का॥
७-
उस चेतन की ऊर्जा ही है,
मूल स्रोत नाभिक ऊर्जा का;
एक इकाई नाभिक ऊर्जा,
सौर-शक्ति७ से सहस गुना है।
नाभानेदिष्ट ऋषि८ एक गाय९ दे ,
सहस चाहते तभी सूर्य से॥
८-
गौशाला रूपी परमाणु कक्ष ,
रिक्त१० कुछ कणों से जब होता।
इन्द्र, संयोजक शक्ति, सदा ही,
नए कणों रूपी गायों को,
लाकर भर देते गौशाला;
बनाते जाते नए सृष्टि-कण॥
९-
यमी रूप ११ अपभाव भरे कण ,
योग चाहते सजातीय से ।
यम है नियामक शक्ति सृष्टि की,
अनुशासक हैं जड़-जंगम के।
कह देते हम घटक एक से,
विजातीय से मिलो यमी तुम॥
१०-
सम रूपी घटकों के योग से,
प्राप्त तत्व भी वही रहेगा;
विजातीय दो घटक मिलें जब,
नूतन तत्व प्राप्त तब होगा।
अनुशासक यम के नियमन से,
नूतन विविध पदार्थ बन गए॥
११-
प्रतिकण१२ जो हैं स्वयं संगठित,
अति कठोर रासायनिक बंधन से;
रूप राक्षस , विघ्न डालते,
सृष्टि-यज्ञ , रूपी क्रिया में ।
इन्द्र, बज्र१३ से नाश सभी का,
करते रहते, यज्ञ -पूर्ति -हित॥
१२-
अग्नि-पुत्र ,अंगिरा रूप जो,
परमाणु-पूर्व के कण-प्रवाह थे।
रच , यज्ञों१४ की नई श्रृंखला,
इन्द्र शक्ति१५ की कृपा दृष्टि से;
किये उपस्थित नए नए नित ,
विविध ऊर्जा और भूत कण१६ ॥
१३-
सतरंगे अर्यमा, प्रकाश कण,
सप्त स्वरों के वाणी स्वर-कण।
अक्रिय अष्ट बंधन के जैविक१७ ,
आठ वसु और सक्रिय अजैविक-
सात कणों युत सप्तहोत्र१८ , यों,
सभी रूपकण१९ बने सृष्टि के॥ .........पंचम सर्ग..अशांति खंड.आगे ...क्रमश: ....

( कुंजिका....१=हलचल, प्रक्रिया , क्रिया-प्रतिक्रया ... मूल व्यक्त प्रकृति की साम्य अवस्था भंग होने पर हुई हलचल, २=अदिति- अविभक्त,अखंड मूल स्थिर ऊर्जा, आदि ऊर्जा ....३=सृष्टि सृजन की गूढ़ तात्विक क्रियाएं , ४=परमाणु कणों में स्थित मूल स्थितिक ऊर्जा , ५=नाभिक ऊर्जा, न्यूक्लियर इनर्जी , परमाणु के नाभिक में स्थित अनंत ऊर्जा स्रोत ६=दिति, खंडित, विभक्त, व्यक्त मूल कार्यकारी ऊर्जा ( विखंडन-संयोजन से प्राप्त क्रियाशील ऊर्जा) , ७= सूर्य की सोलर ऊर्जा , ८= नाभिकीय ऊर्जा का ज्ञाता ऋषि , ९=ऊर्जा कण की इकाई , १०=गौशाला रूपी परमाणुओं के वलय में नाभिक के चारों और घूमते हुए इलेक्ट्रोंस की कमी जिससे परमाणु ( व द्रव्य) असंत्रप्त, अस्थिर रहता है, अति क्रियाशील ), ११ = यम-यमी आख्यान ( ऋग्वेद)--यम के संतानें( नियम से बने कण) -यम की बहन यमी यम से समागम करना चाहती है परन्तु यम साफ़ इनकार करते हैं कि किसी अन्य जाति (असुर आदि) से संयोग करो हम तो भाई बहन हैं । ---तात्विक ,रासायनिक प्रक्रिया का सूत्र रूप --अर्थ में सम रूप कणों से ( ऋण -ऋण , धन धन कणों के संयोग से वही तत्व मिलेगा और नवीन पदार्थ नहीं बनेंगे , अतः विजातीय ( असमान , असुर ) पदार्थ या ऊर्जा कणों का आपस में रासायनिक संयोग होना चाहिए जिससे नए नए पदार्थ बनने लगें। यम नियामक शक्ति है और सृष्टि के एक निश्चित नियम के अनुसार ही पदार्थ बनाते हैं। ,,१२=प्रतिकण, प्रत्येक कण का एक प्रति कण , एंटी पार्टीकल ,-रासायनिक प्रक्रिया में बाधक तत्व १३=इन्द्र का बज्र, कठोर रासायनिक बंधनों को तोड़ने वाला उत्प्रेरक तत्व , १४= नयी नयी रासायनिक, भौतिक, इलेक्ट्रोनिक प्रक्रियाएं , १५= संगठन व विखंडन शक्ति , १६= पदार्थ कण , १७=आठ इलेक्ट्रोन वाले संतृप्त सतही जैविक(ओरगेनिक ) परमाणु व पदार्थ , १८= अपनी परमाणु कक्षा में सात इलेक्ट्रोन वाले असंत्रप्त क्रियाशील अजैविक (इनोर्गेनिक), १९= व्यक्त द्रश्य पदार्थ के कण ....)














लोकप्रिय पोस्ट

फ़ॉलोअर

ब्लॉग आर्काइव

विग्यान ,दर्शन व धर्म के अन्तर्सम्बन्ध

मेरी फ़ोटो
लखनऊ, उत्तर प्रदेश, India
--एक चिकित्सक, शल्य-विशेषज्ञ जिसे धर्म, दर्शन, आस्था व सान्सारिक व्यवहारिक जीवन मूल्यों व मानवता को आधुनिक विज्ञान से तादाम्य करने में रुचि व आस्था है।